सीतापुर। शहर कोतवाली के चौधरी टोला में गुरुवार की रात दिल्ली एयरपोर्ट के कर्मचारी के कोरोना संक्रमित मिलने के बाद मोहल्ले को हॉटस्पॉट घोषित कर दिया गया है। 250 मीटर का इलाका सील कर चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात कर आवाजाही पर रोक लगा दी गई है।
कोरोना संक्रमित मरीज पाए जाने के बाद डीएम अखिलेश तिवारी ने चौधरी टोला मोहल्ले को हॉटस्पॉट घोषित कर मरीज के घर से 250 मीटर के दायरे को सील कर दिया है। डीएम ने बताया कि फिलहाल ये कार्रवाई 21 जून की शाम छह बजे तक के लिए की गई है।
आगे हालात देखकर फैसला लिया जाएगा। शहर कोतवाली के इंस्पेक्टर अंबर सिंह ने बताया कि सील हुए 250 मीटर की परिधि में करीब 500 परिवार रहते हैं, इस हिसाब से 2500 की आबादी हॉटस्पॉट क्षेत्र में आई है। बताया कि यहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
आठ बैरिकेडिंग की बनाई गई हैं। चार बैरिकेडिंग पर 24 घंटे पुलिस की तैनाती की गई है। एक बैरिकेडिंग पर दो सिपाहियों को लगाया गया है। दो मोबाइल पार्टी लगाई हैं, जो हॉटस्पॉट क्षेत्र का जायजा लेती रहेंगी। इस परिधि में रहने वाले किसी भी व्यक्ति को घर से निकलने की इजाजत नहीं है। सभी लोग अपने घरों में रहे। जरूरी वस्तुएं दूध, फल, सब्जी, दवा आदि की आपूर्ति नगर पालिका की ओर से लोगों को घर बैठे कराई जा रही है। नियमों के उल्लंघन पर महामारी अधिनियम में कार्रवाई होगी।
चौधरी टोला जिले का सातवां हॉटस्पॉट, एक्टिव चार
शहर कोतवाली का चौधरी टोला जिले का सातवां हॉटस्पॉट बनाया गया है। एक्टिव हॉटस्पॉट में चौधरी टोला के अलावा पिसावां गांव, हरगांव का तीर्थ वार्ड, लहरपुर का चौपड़ी टोला है, जबकि पूर्व में खैराबाद, बिसवां का रामाभारी और सिधौली के गोपालपुर को हॉटस्पॉट बनाया गया था, जो अब मुक्त हो चुके हैं।