सीतापुर। मुरादाबाद स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर पुलिस अकादमी में होने वाली 27वीं उत्तर प्रदेश पुलिस वार्षिक अश्वारोहण प्रतियोगिता में इस बार सीतापुर पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय (पीटीसी) के अश्वों का दबदबा देखने को मिलेगा। महाविद्यालय से दारा, राका, जैकी और गौरी समेत कुल 12 प्रशिक्षित घोड़ों की टीम को इस प्रतिष्ठित स्पर्धा के लिए रवाना किया गया है।
एडीजी (पीटीसी) विजय सिंह मीणा ने बताया कि 26 से 29 दिसंबर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में टेंट पैगिंग, शो जंपिंग और ड्रेशाज जैसी विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित होंगी। ये खेल न केवल घुड़सवारों के साहस और संतुलन की परीक्षा लेते हैं, बल्कि पुलिस अश्वारोहियों के अनुशासन और नियंत्रण का भी आकलन करते हैं। टीम के साथ पांच मुख्य खिलाड़ी हिमांशु कुमार, अविनाश कुमार, मोहित कुमार, अजय सिंह और कुलदीप भी मुरादाबाद भेजे गए हैं। इन अश्वों और घुड़सवारों को राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी प्रेमबाबू ने प्रशिक्षण दिया है। गौरतलब है कि इसी प्रशिक्षण की बदौलत वर्ष 2022 में हिमांशु कुमार ने ऑल इंडिया घुड़सवारी प्रतियोगिता की शो जंपिंग स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर गौरव बढ़ाया था। उनकी इस उपलब्धि को देखते हुए उत्तर प्रदेश स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड ने उन्हें आउट ऑफ टर्न प्रमोशन से नवाजा था।
इवेंट के अनुसार तैयार किए गए हैं अश्व
जंपिंग - दारा, शाहीन, जैकी, गौरी, राका, चैंपियन
टेंट पेंगिग- पृथ्वी, चंचल, अहिल्या, रणकुंभ, तुलसी, चैंपियन
ड्रेशाज- शाहीन, पृथ्वी, रणकुंभ, अहिल्या, दारा
थ्री डे इवेंट- गौरी, शाहीन, जैकी, दारा, राका
पीटीसी में मौजूद हैं देसी-विदेशी नस्ल के घोड़े
पुराने अस्तबल- 40
निर्माणाधीन नये अस्तबल- 80
कुल अश्व- 21
वार्म ब्लड ब्रीड- 5 (दारा, राका, शाहीन, चौंपियन, व जैकी)
थ्रो ब्रीड- 8 (विजया, पृथ्वी, चंचल, गौरी, अभिमन्यु, रणकुंभ, अहिल्या, गंधर्व)
देसी ब्रीड- 8