सीतापुर। जिलाधिकारी अखिलेश तिवारी ने मंगलवार को बैठक में गरीब कल्याण रोजगार अभियान में प्रवासी कामगारों एवं मजदूरों के लिए विभिन्न मंत्रालयों द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा कर प्रगति जानी। समीक्षा में कई विभागों ने अभी तक अपनी कार्ययोजना तक प्रस्तुत नहीं की। ऐसे में उन्होंने संबंधित को कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों द्वारा प्रस्तुत की गई कार्ययोजना की समीक्षा की और कार्यों को शीघ्र प्रारंभ कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन विभागों ने अभी तक कार्ययोजना प्रस्तुत नहीं की है वे तत्काल कार्ययोजना प्रस्तुत करें और कार्य चालू कराएं। उन्होंने कहा कि कुशल श्रमिकों को उनकी योग्यता के आधार पर सेवायोजित किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि मनरेगा के तहत ग्राम पंचायतें प्रवासी मजदूरों को अधिक से अधिक काम दें तथा उसकी आख्या समय से उपलब्ध कराएं। बैठक में उपायुक्त मनरेगा सुशील कुमार श्रीवास्तव ने विवरण प्रस्तुत किया।
जिलाधिकारी ने पौधरोपण अभियान के तहत विभिन्न विभागों द्वारा की गई तैयारियों की समीक्षा की तथा पौधों का उठान तत्काल कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन गांवों में अभी तक पौधों का उठान नहीं हुआ है, वो तत्काल सुनिश्चित कराते हुए इसका विवरण वन विभाग के अधिकारियों को उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी पूर्ण मनोयोग से अभियान को सफल बनाने में अपना सहयोग दें। बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी संदीप कुमार, डीएफओ समेत संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।