मौलिक नियुक्ति का विज्ञापन व शेड्यूल जारी करने की मांग को लेकर शुक्रवार को प्रशिक्षु शिक्षक उग्र हो गए। गुस्साए प्रशिक्षु बीएसए कार्यालय के अंदर घुस गए। वहां पर जमकर नारेबाजी की।
इस दौरान कार्यालय के अंदर न तो बीएसए मिले न ही प्रभारी। इस पर प्रशिक्षु कार्यालय के सामने बैठ गए और वहीं पर अनिश्चितकालीन प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
प्राइमरी विद्यालयों में सहायक अध्यापक पद पर शिक्षकों की भर्ती हुई है। छह माह का प्रशिक्षण दिलाया जा चुका है। उसके बाद इनकी परीक्षा संपन्न हो चुकी है, लेकिन इन प्रशिक्षुओं को अभी तक मौलिक नियुक्ति नहीं मिली है।
इसको लेकर वह आंदोलित है। शुक्रवार को टीईटी उत्तीर्ण शिक्षक संघ के बैनर तले प्रशिक्षु बीएसए कार्यालय के सामने एकत्र हुए। वहीं पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। जब कोई अधिकारी इनसे बात करने नहीं आया तो वह भड़क गए।
बीएसए कार्यालय के अंदर घुस गए। पर पता चला कि वह छुट्टी पर है। नाराज आंदोलनकारी बीएसए कार्यालय के सामने धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों का कहना है शासन ने मौलिक नियुक्ति का विज्ञापन व शेड्यूल जारी करने का निर्देश दिया है।
इस संबंध में बीएसए से वार्ता करने आए थे, लेकिन कोई नहीं मिला है। अब जब तक विज्ञापन जारी नहीं होता प्रदर्शन चलता रहेगा। इसके साथ ही प्रशिक्षुओं का कार्य बहिष्कार भी रहेगा। देवेंद्र सिंह, बाल सरोज चतुर्वेदी, पुनीत शुक्ला, अविनाश पांडेय आदि मौजूद रहे।