लालपुर के निकट रपटा पुल के निर्माण में घटिया सामग्री प्रयोग करने पर रविवार को ग्रामीण भड़क गए और जमकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने मामले की जांच कराकर निर्माण रुकवाने की मांग कर रहे थे।
मौके पर पहुुंची पुलिस ने निर्माण कार्य बंद करा दिया है। उधर, जिम्मेदार विभागीय अधिकारी जांच के बाद कार्रवाई की बात कह रहे हैं। ग्राम खानी हुसैनपुर लालपुर के निकट प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत रपटा पुल का निर्माण किया जा रहा है।
यह पुल करीब 42 लाख रुपये की लागत से बनाया जा रहा है। रविवार को आसपास के गांव के सैकड़ों ग्रामीण निर्माण स्थल पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में घटिया किस्म की सामग्री का प्रयोग किया जा रहा है।
पीली ईंट व घटिया सीमेंट, बालू आदि प्रयोग किया जा रहा है। ग्रामीणों ने वहां पर जांच की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास करने लगी।
ग्रामीण जांच तक कार्य बंद करने की मांग पर अड़ गए। इस पर पुलिस ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को इस पूरे मामले की जानकारी दी। विभाग के अधिकारियों ने निर्माण करा रहे जिम्मेदारों से काम बंद करने को कहा।
जिसके बाद निर्माण कार्य बंद कर दिया गया। जिम्मेदार अधिकारियों का कहना है कि निर्माण सामग्री की जांच की जाएगी, यदि घटिया सामग्री का प्रयोग किया जा रहा है तो कार्रवाई की जाएगी। इस पूरे विवाद के बाद पुल का निर्माण करा रहे ठेकेदार ने चुप्पी साध ली है।
ग्रामीणों का कहना है कि जिस तरह से घटिया सामग्री का प्रयोग किया जा रहा है, उससे एक बरसात के मौसम में ही पूरा पुल बह जाएगा। क्योंकि इस क्षेत्र में घाघरा बरसात के मौसम में कहर बरपाती है।