सीतापुर। नगरपालिका सीतापुर की बोर्ड बैठक शनिवार को काफी हंगामेदार रही। बैठक में विकास नगर की जलनिकासी का जब सभासद ने मुद्दा उठाया तो हंगामा शुरू हो गया। अध्यक्ष ने उत्तेजित होते हुए कहा सरकार आपकी है, आपके सांसद व विधायक हैं, इन्हीं से नाला बनवा लीजिए। इस मुद्दे को जब अन्य सभासदों ने समर्थन दिया तो हंगामा शुरू हो गया। ऐसे में कुछ ही देर में सात बिदुंओं को पढ़कर प्रस्ताव पास कराकर बोर्ड बैठक समाप्त कर दी गई।
बोर्ड बैठक शनिवार को नगरपालिका परिसर में आयोजित की गई। बैठक में लोनियनपुरवा पश्चिमी वार्ड की सभासद ज्योति वर्मा ने मोहल्ले में जलनिकासी न होने का मुद्दा उठाया जिस पर अध्यक्ष राधेश्याम जायसवाल ने कहा नाले का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा जा चुका है। सभासद ने तब तक अस्थाई विकल्प करने की बात कही तो अध्यक्ष उत्तेजित हो गए। कहा सरकार आपकी है, सांसद व विधायक आपके हैं, आप उन्हीं से नाला बनवा लीजिए।
सभासद की बात का लोहारबाग के सभासद आशुतोष उर्फ मोनू ने समर्थन किया तो अन्य सभासद भड़क गए। मोनू ने कहा क्या लोनियनपुरवा नगरपालिका में नहीं आता है कि उसे विधायक व सांसद से कहकर काम कराया जाए। इसी को लेकर कुछ देर तक हंगामा होता रहा। उसके बाद कुछ प्रस्ताव पढ़कर ईओ गुरुप्रसाद पांडेय ने बैठक खत्म कर दी।
यह पास हुए प्रस्ताव
बोर्ड बैठक में शहर में सफाई व्यवस्था के लिए ग्रास कटर खरीदा जाना। अखिल भारतीय पर्यावरण ग्रामीण विकास संस्थान द्वारा शहर में शौचालय बनवाए जाने की अनुमति देना। नगर के विभिन्न स्थानों पर सौंदयीकरण/पौधारोपण कराए जाने पर विचार। अतिक्रमण हटाने के लिए एक यूटिलटी वाहन क्रय किए जाने का प्रस्ताव। नगरपालिका सीमा के अंदर 30 मीटर ऊंचाई पर राष्ट्रीय ध्वज स्थापित करने का प्रस्ताव रखा गया जिसको सभासदों ने मेज थपथपाकर पास कर दिया।