स्थानीय निवासियों ने नई कर प्रणाली संबंधी ज्ञापन ईओ को सौंपा।
- फोटो : स्थानीय निवासियों ने नई कर प्रणाली संबंधी ज्ञापन ईओ को सौंपा।
महमूदाबाद (सीतापुर)। नगर पालिका द्वारा नई कर प्रणाली लागू किए जाने से स्थानीय बाशिंदे परेशान हैं। बृहस्पतिवार को लोगों ने नई कर प्रणाली के तहत मनमाने तरीके से नोटिस तैयार किए जाने का आरोप लगाते हुए ईओ को ज्ञापन सौंपा। इसमें नोटिस निरस्त करने और दोबारा गृहकर निर्धारित करने की मांग की। नगर पालिका चेयरमैन पद के प्रत्याशी रहे अतुल वर्मा के नेतृत्व में नागरिकों ने ईओ पवन किशोर से मुलाकात की।
अतुल वर्मा ने ईओ को ज्ञापन देते हुए बताया कि पालिका द्वारा मनमाने तरीके से गृहकर और जलकर लगाकर नोटिस दिए जा रहे हैं, जिससे नागरिक परेशान हैं। किसी का मकान कितना बड़ा है और उसका कितना हिस्सा गैर आवासीय और कितना आवासीय है, यह सब निर्धारित प्रक्रिया के तहत किया जाता है, लेकिन पालिका द्वारा सीधे 10 प्रतिशत जलकर और 10 प्रतिशत गृहकर लगाकर भारी-भरकम नोटिस दिया जा रहा है।
इससे नागरिकों की जेब पर बोझ पड़ रहा है और लोगों को असुविधा हो रही है। तमाम बिंदुओं पर स्पष्टता की आवश्यकता है। उन्होंने ईओ से कहा कि वृहद कैंप लगाकर पहले नागरिकों की समस्याओं को सुनने की व्यवस्था की जाए, उसके बाद कर जमा कराया जाए। ईओ ने आश्वस्त किया कि नागरिकों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। इस दौरान अनिल राठौर, राहुल गुप्ता आदि मौजूद रहे।