महमूदाबाद (सीतापुर)। कृषि कानूनों के विरोध में सपा का विरोध लगातार जारी है। मंगलवार को महमूदाबाद में पुलिस के सख्त पहरे में सेंध लगाते हुए क्षेत्रीय सपा विधायक नरेंद्र वर्मा की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने किसान कानूनों के विरोध में प्रदर्शन किया। इसके बाद सभी प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर लिया गया। जिला पंचायत गेस्ट हाउस में दो घंटे नजरबंद रखने के बाद सभी को छोड़ दिया गया।
सपा के प्रस्तावित प्रदर्शन को रोकने के लिए प्रसाशन व पुलिस मंगलवार सुबह से ही सतर्क थी। नगर के रामकुंड चौराहा, बजाजा, चिकमंडी, विधायक आवास सहित विभिन्न इलाकों को पुलिस ने छावनी में तब्दील कर दिया था। अपर जिलाधिकारी विनय पाठक, अपर पुलिस अधीक्षक, उप जिलाधिकारी पीएल मौर्य, सीओ रविशंकर प्रसाद, कोतवाल अनिल कुमार पांडेय सहित कई थानों की फोर्स व पीएसी बल मुस्तैद था।
सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे विधायक नरेंद्र वर्मा अपने तमाम समर्थकों के साथ झंडा बैनर लेकर सरकार के विरोध में नारेबाजी करते हुए अचानक अपने आवास के बाहर निकल आए। यह देख पुलिस सक्रिय हो उठी और प्रदर्शन रोकने के लिए जुट गई। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया, लेकिन सुरक्षा कवच तोड़कर सपाई सड़क पर पहुंच गए और सरकार विरोधी नारे लगाते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया।
इसके बाद पुलिस ने विधायक नरेंद्र सिंह वर्मा, छात्र नेता दिग्विजय सिंह देव, डॉ. सफीक खां सहित तमाम कार्यकर्ताओं को बस में लेकर जिला पंचायत गेस्ट हाउस रवाना हो गए। उधर, तमाम कार्यकर्ता पद यात्रा करते हुए रामकुंड चौराहा जा पहुंचे, जहां पुलिस ने शिवेंद्र प्रताप यादव, विनय यादव, प्रवीण यादव, ओमकार नाथ, सीबू चौधरी, अनुराग यादव, मो. आजाद, नदीम अहमद आदि को हिरासत में लेकर जिला पंचायत गेस्ट हाउस ले आई। करीब दो घंटे तक नजरबंद रखने के बाद सभी को छोड़ दिया गया।