बता दें कि तीसरे चरण में सकरन, खैराबाद, बिसवां, कसमंडा, पहला में मतदान होगा। पांच ब्लॉकों में प्रधान के 444 व ग्राम पंचायत सदस्य के 5628 पदों के लिए मतदान कराया जाएगा। प्रधान के 3490 व ग्राम पंचायत सदस्य के 4755 प्रत्याशी मैदान में हैं।
दोनों पदों के उम्मीदवार चुनाव चिह्न आवंटन के बाद से चुनावी अखाड़े में ताल ठोंके हुए हैं। शनिवार को तीसरे चरण के प्रत्याशियों ने सर्द मौसम में खूब पसीना बहाया और मतदाताओं से संपर्क कर उनसे अपने पक्ष में वोट मांगें। शनिवार शाम को इस चरण का प्रचार थम गया है।
अब यहां के पांचों ब्लॉक में सात दिसंबर को वोट डाले जाएंगे। इन ब्लॉकों में मतदान को संपन्न कराने को बूथवार मतदान कार्मिकों की ड्यूटियां लगाई गईं। शनिवार को डीएम डॉ. इन्द्रवीर सिंह यादव ने एनआईसी में अफसरों के साथ रेंडमाइजेशन कर बूथवार ड्यूटियां जारी कराईं।
साथ ही उन्होंने चुनाव तैयारियों की समीक्षा कर प्रगति भी ली। रेंडमाइजेशन कर सभी कार्मिकों के ड्यूटी आदेश ब्लॉकों को उपलब्ध करा दिए गए हैं। रविवार को सभी कार्मिकों को ब्लॉकों पर बूथवार ड्यूटी आदेश वितरित किए जाएंगे। बाद में वहां से पोलिंग पार्टियों को बूथों के लिए रवाना किया जाएगा।