पिसावां। बरगावां के गुड्डू के घर में शुक्रवार शाम को दावत की तैयारियां चल रही थीं। मेहमानों के स्वागत के लिए पंडाल सजाया गया था और परिवार के लोग खुशी के माहौल में आयोजन की तैयारियों में जुटे थे। लेकिन किसी को क्या पता था कि एक दर्दनाक सड़क हादसा सारी खुशियों को मातम में बदल देगा। हादसे में पांच लोगों की मौत की खबर मिलते ही पिसावां क्षेत्र के बरगावां गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
विज्ञापन
जिस घर में कुछ देर पहले तक दावत की रौनक और खुशियों की चर्चा थी, वहां अचानक चीख-पुकार मच गई। दावत के लिए की गई तैयारियां धरी की धरी रह गईं। मेहमानों के स्वागत के लिए लगाया गया पंडाल सूना पड़ा रहा। घर में पकवानों और खुशियों की जगह अब अपनों को खोने का गम छा गया। हादसे की खबर मिलते ही गांव के लोग बड़ी संख्या में पीड़ित परिवार के घर पहुंचने लगे। हर कोई इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध नजर आया। परिवार की खुशियों पर ऐसा दुखों का पहाड़ टूटा कि पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया।