मुस्लिम समुदाय का पवित्र रमजान का महीना खत्म होने वाला है। शुक्रवार को ईदगाह व मस्जिदों में अलविदा की नमाज अदा की जाएगी। इसे लेकर गुरुवार को ईदगाह व मस्जिदों में साफ-सफाई का काम चलता रहा। ईद की तैयारियों को लेकर बाजार भी गुलजार हो गए हैं।
सीतापुर शहर में आलम नगर, प्रेम नगर, कजियारा, कोट, दुर्गापुरवा, नई बस्ती, हुसैनगंज, आनंद नगर, मन्नी चौराहा, नैपालापुर आदि इलाकों में अलविदा की नमाज अदा की जाएगी।
अलविदा की नमाज को नजदीक बाजार में मुस्लिम समाज की पोशाक के कुर्ता-पायजामा, टोपी आदि की दुकानें सज गई हैं। रोजेदार ईद की तैयारियों में जुटे हुए हैं। शुक्रवार को अलविदा की नमाज है, इसको लेकर गुरुवार देर शाम तक तैयारियों को अमलीजामा पहनाया जाता रहा।
ईदगाहों व मस्जिदों की फर्श की धुलाई की गई। सेंट डालकर पूरे माहौल को खुशनुमा बनाया गया। तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, अब बस शुक्रवार को अलविदा की नमाज अदा होने का इंतजार किया जा रहा है।
जिसके बाद मुस्लिम समुदाय के लोग ईद की नमाज में बड़ी संख्या में एकत्र होंगे। चांद की दीदार करने के बाद ही मुस्लिम समाज के धर्मगुरु ईद के दिन का एलान करेंगे। इस पर्व पर मुस्लिम समुदाय के लोग नए परिधान पहनते हैं। महिलाएं भी कपड़े और जरूरत के मुताबिक नए सामान खरीदती हैं।