सीतापुर। यूपी बोर्ड की प्रयोगात्मक परीक्षा में किसी कारणवश शामिल न होने वाले विद्यार्थियों को अंतिम मौका दिया गया है। ये विद्यार्थी 17 से 20 मई के मध्य परीक्षा दे सकते हैं।
डीआईओएस देवी सहाय तिवारी ने बताया कि यूपी बोर्ड की इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षा 20 अप्रैल से चार मई के मध्य कराई गई। इस अवधि में तमाम विद्यार्थी प्रयोगात्मक परीक्षा देने से वंचित रह गए। किसी कॉलेज में परीक्षक नहीं पहुंचे तो किसी कॉलेज में विद्यार्थी किसी कारणवश नहीं पहुंच पाए थे। अब उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन हो चुका है। रिजल्ट बनाने की तैयारी चल रही है। ऐसे में विद्यार्थी प्रयोगात्मक परीक्षा छूट जाने से बहुत ही चिंतित नजर आ रहे थे। अब इन्हें अंतिम अवसर दिया गया है।
डीआईओएस ने बताया कि ऐसे विद्यार्थी 17 से 20 मई के मध्य प्रयोगात्मक परीक्षा दे सकते हैं। यह अंतिम अवसर दिया गया है। इसके बाद किसी भी विद्यार्थी की प्रयोगात्मक परीक्षा नहीं कराई जाएगी। वे स्वयं परीक्षा छूटने के जिम्मेदार होंगे। (संवाद)