लहरपुर। तंबौर इलाके में शनिवार को मोबाइल टावर की लाइन ठीक करते समय निजी बिजलीकर्मी करंट की चपेट में आ गया। गंभीर रूप से झुलसे बिजलीकर्मी की सीएचसी में इलाज के दौरान मौत हो गई। आक्रोशित परिजनों ने लाइनमैन पर आरोप लगाते हुए सीएचसी में हंगामा किया। पुलिस ने परिजनों को समझाकर शांत कराया।
तंबौर के ग्राम भिठिया में मोबाइल टावर का बिजली का तार टूट गया था। लाइन जोड़ने के लिए सकरन के ग्राम चीतपुर निवासी मुन्ना (28) मौके पर गए थे। मुन्ना ने लाइन जोड़ने के लिए जैसे ही तार को पकड़ा गया, उसमें करंट आ रहा था। करंट की चपेट में आने से मुन्ना झुलस गए। गांव के लोगों ने मुन्ना को सीएचसी पहुंचाया। कुछ देर बाद ही मुन्ना की मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि लाइनमैन के कहने पर ही मुन्ना तार ठीक करने गए थे। परिजनों ने लाइनमैन के विरुद्ध कार्रवाई की मांग को लेकर सीएचसी परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। केशरीगंज चौकी प्रभारी राजेश निषाद व नगर चौकी प्रभारी करतार सिंह ने परिजनों को शांत कराकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
बंद थी बिजली आपूर्ति
घटना के समय बिजली आपूर्ति चालू नहीं थी। सभी जंपर खुले पड़े थे। मोबाइल टावर का संचालन जनरेटर से भी होता है। अंदेशा है कि जनरेटर में वापसी से करंट आ गया हो। मामले की तकनीकी जांच की जा रही है।
अभिनव शुक्ल, अवर अभियंता
करंट की चपेट में आने से युवक की मौत
रेउसा। अकसोहा गांव निवासी दिनेश मिश्र का पानी का प्लांट है। शनिवार को उनके मंझले पुत्र रवि (30) वाटर कूलर फ्रीजर का लीकेज ठीक करते समय करंट की चपेट में आकर झुलस गए। अस्पताल पहुंचाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी हनुमंत लाल तिवारी ने बताया कि परिजनों ने पुलिस को सूचना नहीं दी है। रवि का अंतिम संस्कार कर दिया गया है। (संवाद)