झरेखापुर (सीतापुर)। कोतवाली क्षेत्र के बड़ागांव में आलू के लच्छा का कारखाना सीज कर दिया गया। इसका रजिस्ट्रेशन एमएन फूड प्रोडेक्ट के नाम है। इससे मिलते जुलते नाम वाली कंपनी ने कोर्ट में वाद दायर किया था। इसके बाद कोर्ट ने बड़ागांव स्थित कारखाने को सीज करने का आदेश दिया था। गुरुवार को कारखाना सीज कर दिया गया।
गुरुवार को वीके होम सेल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड शाहजहांपुर के वकील अमित तोमर व कंपनी के सेल मैनेजर मोहित अग्रवाल, महेंद्र मिश्रा के कारखाने पहुंचे। सूत्र बताते हैं कि 30 हजारी कोर्ट दिल्ली के आदेश पर एमएन फूड प्रोडेक्ट बड़ागांव के कारखाने को सीज कर दिया गया।
इस संबंध में मोहित अग्रवाल ने बताया कि उनकी कंपनी आलू का लच्छा व पॉप्स बनाती है। जिसकी नकल कर एमएन फूड प्रोडेक्ट के प्रोपराइटर महेंद्र मिश्र ने सोनपरी आलू का लच्छा बनाकर बिक्री कर रहे थे। इससे उनकी कंपनी को घाटा हो रहा था। खराब क्वालिटी के कारण उनकी कंपनी का नाम भी बदनाम हो रहा था।
जब इसका पता चला तो कंपनी ने तीस हजारी कोर्ट में मुकदमा किया। उनका कहना है कि कोर्ट ने ही इनके कारखाने को सीज करने का आदेश दिया है।