महमूदाबाद (सीतापुर)। यातायात के नए नियमों से हो रही दिक्कत के मद्देनजर महमूदाबाद के सपा विधायक नरेंद्र वर्मा ने परिवहन मंत्री को पत्र लिखा है। विधायक का आरोप है कि नए नियमों की आड़ में पुलिस जनता को परेशान कर रही है। महिलाओं तक को बख्शा नहीं जा रहा है।
उन्होंने मांग की है कि तहसीलवार कैंप लगाकर वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस बनवाए जाएं। उन्होंने कहा कि पुलिस चालान व जांच के नाम पर जनमानस के साथ किस तरह का सुलूक कर रही है यह जगजाहिर है। देश में मंदी की वजह से ट्रक मालिकों की हालत खराब है और सरकार अपने सिस्टम को दुरुस्त न कर उन्हें प्रताड़ित करने का काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि जरूरी है कि सभी दोपहिया वाहन चालक हेलमेट पहने, ड्राइविंग लाइसेंस व वाहन के सभी आवश्यक कागजात लेकर चलें। सरकार को ड्राइविंग लाइसेंस, प्रदूषण, पंजीकरण आदि के लिए ऐसी सरल प्रक्रिया अपनानी चाहिए, जिससे जनता को किसी प्रकार की दिक्कत न हो।
लूट के अड्डे बन गए एआरटीओ दफ्तर
विधायक ने आरोप लगाते हुए कहा कि वर्तमान में एआरटीओ दफ्तर लूट के अड्डे बन गए हैं। दफ्तरों में इतने दलाल हैं कि गिनना मुश्किल है। महमूदाबाद से आरटीओ ऑफिस की दूरी काफी ज्यादा है, जिससे लाइसेंस बनवाने के लिए लोगों को पूरा-पूरा दिन लग जाता है।
उन्होंने मांग की कि ब्लॉक, तहसील मुख्यालय में प्रदूषण, पंजीकरण व लाइसेंस आदि के लिए कैंप लगने चाहिए। डीएल के लिए आवेदन करने के बाद टेस्ट के लिए दो-दो महीने की तारीख दी जा रही है।