पकड़ा गया शातिर अपराधी वर्तमान में हरदोई के मल्लावां थाना क्षेत्र में एक माह पूर्व हुए कपड़ा व्यवसायी के अपहरण के मुकदमे में वांछित चल रहा था। डीआईजी ने उक्त बदमाश की गिरफ्तारी के लिए दस हजार का इनाम भी घोषित किया था।
क्षेत्राधिकारी महमूदाबाद वीबी सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार की रात कोतवाल महमूदाबाद डीके शाही, कोतवाल मल्लावां हरदोई अशोक तिवारी, एसआई संतकुमार सिंह, अशोक यादव, आरक्षी हरिसहाय, प्रदीप यादव, मुकेश यादव आदि ने नगर के राजकीय स्नात्कोत्तर महाविद्यालय के पीछे छापा मार दिया, जहां एक संदिग्ध युवक बैठा था।
पुलिस द्वारा टोकने पर युवक ने पुलिस टीम को निशाना बनाकर फायर कर दिया और भागने लगा किंतु पुलिस बल ने दौड़ाकर युवक को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर युवक के पास से एक तमंचा 315 बोर, चार जिंदा व एक खोखा कारतूस बरामद हुआ।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम सिराजुद्दीन उर्फ सिराज पुत्र मुहीउद्दीन निवासी ब्राह्मणी टोला थाना फतेहपुर जनपद बाराबंकी बताया।
युवक के मुताबिक तीन अक्टूबर को उसने अपने साथियों के साथ हदोई जनपद के मल्लावां कोतवाली के सरैंया नहर कोठी निवासी कपड़ा व्यवसायी ताज मियां का अपहरण किया था और बीस लाख की फिरौती वसूल की थी, किंतु पुलिस ने दबिश देकर चार बदमाशों को मौके से 10 लाख रुपये के साथ गिरफ्तार कर लिया था।
सिराजुद्दीन अपने एक अन्य साथी खुर्शीद के साथ शेष 10 लाख रुपये लेकर भाग निकला था। सिराजुद्दीन के मुताबिक दोनों साथियों ने पांच-पांच लाख रुपये का बंटवारा कर लिया था और पुलिस के डर से इधर-उधर छिपकर रह रहा था। पुलिस ने सिराजुद्दीन को धारा 307 आईपीसी व आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
सीओ के मुताबिक पकड़ा गया युवक शातिर किस्म का अपराधी है और इसकी गिरफ्तारी पर डीआईजी रेंज लखनऊ द्वारा 10 हजार रुपये का इनाम घोषित है।