सांडा। संसाधनों के अभाव में कभी तकनीकी शिक्षा से दूर रहने वाले परिषदीय विद्यालयों के बच्चे अब कंप्यूटर पर उंगलियां थिरकाते हुए अपने भविष्य के सपनों को नई उड़ान दे रहे हैं। विकास क्षेत्र सकरन का पीएमश्री कंपोजिट विद्यालय किरतापुर बच्चों को आधुनिक शिक्षा से जोड़ने के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने में भी अहम भूमिका निभा रहा है।
विद्यालय में बच्चों को कंप्यूटर के बेसिक ज्ञान, टाइपिंग, इंटरनेट के शैक्षिक उपयोग और डिजिटल सामग्री की जानकारी दी जा रही है। आधुनिक तकनीक के माध्यम से कठिन विषयों को सरल और रोचक ढंग से समझाया जाता है। एलवीडी (लर्निंग वीडियो / डिजिटल सामग्री) सहित विभिन्न डिजिटल संसाधनों का प्रयोग बच्चों की सीखने की क्षमता बढ़ाने में किया जा रहा है। विद्यालय में शिक्षा को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं रखा गया है।
बच्चों को एनएमएमएस, श्रेष्ठा, नवोदय विद्यालय और अटल आवासीय विद्यालय समेत विभिन्न प्रवेश व प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए नियमित मार्गदर्शन दिया जाता है। शिक्षक सामान्य ज्ञान, तार्किक क्षमता, अभ्यास प्रश्न और विषयवार तैयारी कराते हैं। पीएमश्री योजना के तहत विद्यालय में विज्ञान, गणित, खेल, रचनात्मक गतिविधियों और तकनीकी शिक्षा पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।
प्रभारी प्रधानाध्यापक ओमकार पांडेय के नेतृत्व में शिक्षक बच्चों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में जुटे हुए हैं। प्रधानाध्यापक ने बताया कि यहां के बच्चों ने विभिन्न शैक्षिक व प्रतियोगी परीक्षाओं में जनपद में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। शिक्षक मोहम्मद हारुन, राधा कृष्ण दीक्षित, अरविंद, राजकुमार और उर्मिला सहित समस्त स्टाफ बच्चों को निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।