हरगांव/सीतापुर। हरगांव और पिसावां के लोगों के लिए अच्छी खबर है। कोरोना संक्रमित मरीजों के मिलने के बाद दोनों इलाके हॉटस्पॉट से अब मुक्त हो गए हैं। पुलिस की सख्ती हटा दी गई है। आवागमन सामान्य कर दिया गया है।
हरगांव के तीर्थ वार्ड में 11 जून को एक सराफा व्यापारी कोरोना पॉजिटिव पाया गया था। इसके बाद प्रशासन ने तीर्थ वार्ड को हॉटस्पॉट घोषित कर 250 मीटर का इलाका सील कर दिया था। लखनऊ में भर्ती व्यापारी के कोरोना मुक्त होकर घर पहुंचने के बाद तय मियाद पूरी होने और इस बीच कोई नया केस नहीं मिलने से डीएम अखिलेश तिवारी ने तीर्थ वार्ड को 29 जून को हॉटस्पॉट से मुक्त कर दिया है।
एसओ कुलदीपक तिवारी ने बताया कि इस परिधि में रहने वाले लोगाें को अब घर से बाहर निकलने की छूट है। लोग आ-जा सकते हैं, लेकिन कोरोना प्रोटोकाल का पालन करना जरूरी है। इसी तरह से पिसावां गांव में लौटा सिक्योरिटी गार्ड के 18 जून को संक्रमित पाए जाने पर पिसावां को हॉटस्पॉट घोषित किया था। सिक्योरिटी गार्ड लखनऊ से ठीक होकर घर आ चुका है। कोरोना प्रोटोकाल के तहत मियाद पूरी होने पर बुधवार को डीएम ने पिसावां को भी हॉटस्पॉट से मुक्त कर दिया गया है।
डीएम अखिलेश तिवारी ने बताया कि हॉटस्पॉट की कार्रवाई खत्म कर दी गई है, लेकिन लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना होगा। मास्क सभी के लिए जरूरी है। नियमों का उल्लंघन करने पर कार्रवाई होगी। एसओ पिसावां राजेश कुमार ने बताया कि हॉटस्पॉट से मुक्त हुए पिसावां से पुलिस हटा ली गई है, लेकिन गतिविधियों पर पुलिस की नजर रहेगी।
गोड़ियनटोला और मुंशीगंज भी होंगे हॉटस्पॉट से मुक्त
दिल्ली से शहर के गोड़ियनटोला में लौटा युवक और राजस्थान से मुंशीगंज में आया बुजुर्ग के कोरोना मुक्त होने के बाद अब इन इलाकों को हॉटस्पॉट से निजात मिल जाएगी। हालांकि, हुसैनगंज की महिला के कोरोना से ठीक होने के बाद अभी उसकी भाभी पॉजिटिव है। अस्पताल में भर्ती है।
इसलिए उसके कोरोना मुक्त नहीं होने तक हुसैनगंज हॉटस्पॉट से मुक्त नहीं होगा। शहर कोतवाल अंबर सिंह ने बताया कि आदेश मिलते ही गोड़ियनटोला और मुंशीगंज को हॉटस्पॉट से मुक्त कर दिया जाएगा।