सीतापुर। राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष डॉ. हीरा ठाकुर ने स्थानीय नहर गेस्ट हाउस में पत्रकार वार्ता में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा देकर पिछड़े वर्गों के कल्याण के लिए महत्वपूर्ण कार्य किया है। इससे इस वर्ग के लोगों की समस्याओं का तेजी से निदान हो सकेगा।
डॉ. हीरा ठाकुर ने कहा कि इस वर्ग के लोगों को अब भटकने की आवश्यकता नहीं है, वे अपनी समस्याओं और शिकायतों के समाधान के लिए मात्र आयोग को प्रार्थनापत्र देें, बाकी आयोग उनको न्याय दिलाने का कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि पीड़ित को न्याय के लिए भटकना नहीं होगा, उसे 70 दिन में न्याय देने के लिए आयोग बाध्य है।
उन्होंने पिछड़े वर्ग के लिए चलाई जा रही योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने पिछड़ा वर्ग के लिए सरकार द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए उपजिलाधिकारी को निर्देश दिए। क्षेत्रीय विधायक सुनील वर्मा ने उपाध्यक्ष का स्वागत करते हुए कहा कि इस क्षेत्र में पिछड़ा वर्ग के लोगों की अधिक संख्या है और आयोग द्वारा उन्हें न्याय देने की प्रक्रिया से उन्हें शीघ्र लाभ होगा। इस मौके पर पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिलाध्यक्ष रामजीवन जायसवाल, संतोष कश्यप, मयंक टंडन, उपजिलाधिकारी राम दरस राम, तहसीलदार मदन मोहन वर्मा आदि मौजूद रहे।