सड़क निर्माण के दौरान जेसीबी मशीन से जिला अस्पताल की वाटर सप्लाई लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं भूमिगत बिजली की केबल भी कट गई। इससे जिला व महिला अस्पताल अंधेरे में डूब गए।
जनरेटर के सहारे अंधेरे में डूबे वार्ड तो रोशन हो गए पर भूमिगत वाटर सप्लाई लाइन टूटने से हजारों लीटर पानी सड़कों पर बह गया। अस्पताल में पानी की सप्लाई न होने से मरीज व तीमारदार बूंद-बूंद को तरस गए।
लालबाग-वाया जिला अस्पताल होते हुए उजागर लाल इंटर कॉलेज तक मार्ग का चौड़ीकरण किया जा रहा है। इस दौरान हो रही खोदाई में पालिका की जेसीबी से जिला व महिला अस्पताल की बिजली की केबल कट गई।
वहीं अंडरग्राउंड वाटर सप्लाई लाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई। जनरेटर से बाधित विद्युतापूर्ति तो बहाल कर ली गई है मगर अस्पताल में पानी का संकट गहरा गया। मरीजों व तीमारदारों को बूंद-बूंद पानी के लिए तरसना पड़ गया।
डॉक्टरों को प्लास्टर करने के लिए बाहर हैंडपंप से पानी मंगवाना पड़ा। अस्पताल परिसर में रहने वाला स्टाफ व उनके परिवारीजन परेशान हुए।
24 घंटे से अधिक वक्त गुजर जाने के बाद भी वाटर सप्लाई लाइन को दुरुस्त नहीं किया जा सका था। इससे हजारों लीटर पानी सड़क पर बह गया। मुख्य मार्ग पर पानी भरने से लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी।