सकरन में लकड़ी के पुल से गुजरते बच्चे।
सीतापुर। मछरेहटा के मिरचौड़ी ग्राम पंचायत के मजरा हरैया धाम के पास सरायन नदी पर पीपा पुल बनाने की कवायद शुरू हो गई है। डीएम डॉ राजा गणपति आर ने बुधवार को बांस-बल्ली का पुल टूटने के बाद मातहतों को इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं।
हरैया धाम के पास सरायन पर बना बांस का पुल बुधवार को टूट गया था। इस दौरान कुछ लोग नदी में गिर गए थे। किसी तरह उन्हें ग्रामीणों ने बाहर निकाला था। बृहस्पतिवार सुबह डीएम के निर्देश पर स्थानीय प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया। उपजिलाधिकारी मिश्रिख शैलेन्द्र मिश्रा ने मातहतों के साथ घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। इसके बाद टूटे पुल को हटवाया गया।
दोनों ओर बल्ली व तार से बैरीकेडिंग कराकर आवागमन पूरी तरह बंद कराया गया। नदी के एक किनारे पर मछरेहटा पुलिस और दूसरे किनारे पर खैराबाद पुलिस मुस्तैद रही।
एसडीएम ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर जल्द ही पीपा पुल का निर्माण कराया जाएगा।
यह पीपा पुल बनने से हरिपालपुर, भिठौरा, धरहटी, मिरचौड़ी, मदनापुर, जमालापुर, पहाड़पुर, बनियामऊ, सूरजपुर, सेनपुर सहित करीब 59 गांवों के लोगों को खैराबाद थाना क्षेत्र में जाने के लिए 15 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। इससे समय व संसाधनों दोनों की बचत होगी।