महमूदाबाद। साहब...महीने में केवल एक बार सफाईकर्मी आता है। होली आने को है, गांव में गंदगी का अंबार लगा हुआ है। महमूदाबाद ब्लॉक के मझियवां ग्राम पंचायत के ग्रामीणों ने सोमवार को खंड विकास अधिकारी से कुछ इस तरह से अपनी समस्याएं बताईं।
ग्रामीणों ने बताया कि सफाईकर्मियों के न आने से गांव में गंदगी का अंबार लगा हुआ है। नालियां चोक हैं, गंदा पानी सड़कों पर भरा हुआ है। जिसके चलते मजबूरी में ग्रामीण खुद ही नालियों की सफाई करते हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम प्रधान व सचिव की लापरवाही के चलते बिना सफाई किए ही सफाईकर्मी वेतन निकाल रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से सफाईकर्मी के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम पंचायत में फूलवारीपुर, बसहा ,मझिगवां मजरे आते हैं। गांव में सफाईकर्मी तैनात तो है, लेकिन वह महीने में कभी-कभार ही आता है। गांव में जल निकासी के लिए बनी नालियां साफ-सफाई के अभाव में कचरे से पट गईं हैं। इससे नाली का गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। जिससे मच्छर जनित बीमारियों के फैलने का खतरा बना हुआ है। गांव निवासी बफाती, त्रिभवन,राजा राम, खुनखुन्, सत्यवान, अनिल, रमाकांत, वीरेंद्र व अन्य का कहना है कि गांव में सफाईकर्मी महीने में एक-दो बार आता है। किसी अधिकारी ने भी कार्रवाई के लिए कदम नहीं उठाया। सफाईकर्मी के न आने से गांव के लोग स्वयं फावड़ा तसला लेकर नाली साफ करते नजर आते हैं।
जारी किया जाएगा नोटिस
सफाईकर्मी से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। सटीक जवाब न मिलने पर निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।
- श्रीश गुप्ता, खंड विकास अधिकारी