सीतापुर। हरगांव इलाके में बंद रेलवे फाटक को एक पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी। इससे रेलवे गेट टूट गया। इस मामले में आरपीएफ ने पिकअप चालक पर केस दर्जकर उसे गिरफ्तार किया है। आरपीएफ इंस्पेक्टर मो. शकील ने बताया कि हरगांव में गेट नंबर 99 का फाटक शुक्रवार की शाम को एक ट्रेन के आने के कारण बंद था। इस बीच तेज स्पीड में आए पिकअप वाहन ने फाटक पर टक्कर मार दी। इससे रेलवे फाटक टूट गया।
इसकी सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची आरपीएफ ने पिकअप चालक लखीमपुर के ओयल निवासी युसुफ को गिरफ्तार कर पिकअप को कब्जे में ले लिया। पिकअप के अंदर से आठ घरेलू सिलेंडर भी बरामद हुए। आरपीएफ इंस्पेक्टर ने बताया कि रेलवे की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में पिकअप चालक युसुफ के खिलाफ रेलवे अधिनियम की धाराओं में केस दर्ज किया गया है।