सीतापुर। कोतवाली महमूदाबाद क्षेत्र निवासी सराफा कारोबारी के पुत्र का पुलिस दो दिन बाद भी सुराग नहीं लगा पाई है। युवक की तलाश के लिए परिजन और पुलिस दोनों लगे हुए हैं। युवक को आखिरी बार भगौली की ओर जाते देखा गया था। परिजनों ने बाराबंकी जिले के भगौली से लेकर फतेहपुर तक उसकी तलाश की। पुलिस ने भी युवक के नंबरों को सर्विलांस पर लगाने के साथ वायरलेस से सूचना प्रसारित की है। प्रतिष्ठित सराफा कारोबारी के पुत्र के लापता होने से क्षुब्ध सराफा व्यापारियों ने मंगलवार को दुकानें बंद रखीं।
सरावगी टोला वार्ड निवासी प्रवीण रस्तोगी का पुत्र दीपांशु (28) रविवार सुबह करीब दस बजे अपनी बाइक लेकर कहीं निकला था। युवक को रविवार को 11 बजे महमूदाबाद-फतेहपुर मार्ग पर बने पेट्रोल पंप के कैमरे में बाइक से जाते हुए देखा गया था। दो दिन बाद भी दीपांशु का कोई पता नहीं चल सका है। युवक की तलाश के लिए महमूदाबाद से लेकर फतेहपुर तक सीसीटीवी खंगाले गए और लोगों से पूछताछ की।
परिजनों के मुताबिक युवक को आखिरी बार भगौली में नहर के पास देखा गया था। नहर पर बैठे एक नाई ने इसकी पुष्टि की, किंतु उसके बाद युवक किस तरफ गया, ये पता नहीं चला। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर गुमशुदगी दर्ज की है। पुलिस ने युवक का मोबाइल फोन सर्विलांस पर लगाने के साथ ही बाइक नंबर को वायरलेस पर प्रसारित किया है।
कारोबारी के पुत्र का कोई पता नहीं चलने से परिजन परेशान हैं। मां पिंकी रस्तोगी, भाई शिवांशु और भाभी रूचि रस्तोगी चिंतित हैं।