सिधौली कस्बे में डाक घर पर आधार कार्ड बनवाने की लगी भीड़। (संवाद)
- फोटो : SITAPUR
सिधौली/सीतापुर। डाकघर पर आधार कार्ड बनवाने के लिए सुबह से ही लंबी लाइनें लग रही है। दूरदराज से आए लोग आधार कार्ड न बनने से मायूस होकर वापस लौट रहे हैं। आधार कार्ड बनवाना टेढ़ी खीर साबित हो रही है। इससे लोगों को काफी दिक्कतें आ रही हैं।
कस्बे के तहसील रोड पर डाकघर पर आधार कार्ड बनाए जा रहे हैं। जिसको लेकर क्षेत्र से लोग सुबह पांच बजे से ही लाइन में लग जाते हैं। जब 10 बजे डाकघर का गेट खुलता है, उसके बाद मात्र 25 से 30 लोगों को कार्ड बनवाने का फार्म मिल पाता है।
जिससे लोगों को निराशा ही हाथ लगती है। कई लोग ऐसे भी हैं जो एक सप्ताह से आधार कार्ड बनवाने के लिए डाकघर के चक्कर लगा रहे हैं। अभी तक आधार कार्ड नहीं बन पाया है। इसकी वजह से कस्बे की तहसील रोड पर वाहनों का आवागमन बाधित हो जाता है।
लाइन लगने के बाद भी नहीं बना आधार कार्ड
क्षेत्र के ढिवहारा निवासी लवलेश कुमार ने बताया कि कई दिनों से लगातार आ रहे हैं। लाइन लगने के बाद भी आधार कार्ड नहीं बन पाया है। अनवरपुर निवासी संगीता ने बताया कि वे करीब 28 किलोमीटर दूर से पहुंची हैं। कई बार आधार बनवाने के लिए लाइन में लग चुकी हैं। होली के पहले मशीन खराब है।
बिरसिंहपुर गांव निवासी जगदीश ने बताया कि करीब 25 किलोमीटर दूर से पहुंचे हैं। आधार कार्ड नहीं बन पाया है। खेरवा गांव निवासी मनोज कहते हैं कि वे सुबह 5.30 बजे पहुंच गए थे। लाइन में भी लगे थे। जब डाकघर खुला और फॉर्म बंटा तो लाइन में आगे लगने वालों को मिल गया। मुझे नहीं मिल सका।
डाकघर अधीक्षक ने बताया कि जितने आधार कार्ड बन सकते हैं, उतने ही लोगों को फॉर्म दिए गए। इससे लोग को दौड़ना न पड़े।
- संतोष कुमार राय, एसडीएम