नगर पालिका परिषद खैराबाद के बाशिंदे अब पार्क में ठंडी व ताजी आबोहवा ले सकेंगे। इन्हें यह सहूलियत देने को खैराबाद पालिका के ललियापुर वार्ड में पार्क बनेगा। इस पार्क को खूबसूरत बनाने के लिए फौव्वारे का निर्माण कराया जाएगा।
बैठने के लिए बेंचों का निर्माण होगा। बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले लगेंगे। यही नहीं पार्क में हरियाली बिखेरने को फूलदार पौधे भी रोपे जाएंगे। इस पर 27 लाख का बजट व्यय किया जाएगा। मालूम हो कि खैराबाद इलाके में पार्क बनाए जाने को लेकर बाशिंदे काफी दिनों से प्रयासरत थे।
लोग नगरपालिका व प्रशासन से पार्क की डिमांड कर रहे थे। इस पर प्रशासन ने वहां पर पार्क बनाने का निर्णय लिया है। ललियापुर वार्ड में मौर्या मार्केट के निकट पार्क बनाया जाएगा। इस पार्क में नागरिकाें को तमाम सुविधाएं मुहैया कराई जाएगी। 27 लाख की लागत से यहां पर झूले, फूलदार पौधे, बेंच, फौव्वारा, फुटपाथ आदि का निर्माण कराया जाएगा। सिटी मजिस्ट्रेट रामसेवक द्विवेदी ने बताया कि जल्द ही पार्क का निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।