शहर के तीन मोहल्लों को अब खुद की पहचान मिल गई है। हेमपुरवा, ऊंचा टीला व परेड मोहल्ले वार्डों के नाम से जाने जाएंगे। शहर के इस्माइलपुर पूर्वी व पश्चिमी और विजयलक्ष्मी नगर पूर्वी व पश्चिमी वार्ड को खत्म कर दिया गया है।
नए परिसीमन में यह प्रस्ताव तैयार कर मंजूरी को शासन भेजा गया था। जिस पर शासन ने अपनी मुहर लगा दी है। आठ वर्ग किमी. के दायरे में फैली सीतापुर नगर पालिका परिषद के लोगों को शहरी सुविधाएं मिलती हैं।
2007 में यह पालिका 25 वार्डों की थी। पांच साल बाद 2012 में हुए परिसीमन में संख्या बढ़ाकर 30 कर दी गई। मौजूदा वक्त में इस पालिका में तीस वार्ड हैं। इधर, निकाय के नए पंचवर्षीय गठन को अपनाई जा रही परिसीमन प्रक्रिया में वार्डों की संख्या तो वहीं पुरानी रखी गई है।
केवल क्रमांक बदले गए हैं। यही नहीं वार्डों के मोहल्ले भी बदल गए हैं। जानकारों के मुताबिक नगर पालिका परिषद सीतापुर के इस्माइलपुर पूर्वी व पश्चिमी को खत्म कर इस्माइलपुर वार्ड और विजय लक्ष्मी नगर पूर्वी व पश्चिमी वार्ड को खत्म कर विजय लक्ष्मी नगर वार्ड बना दिया गया है।
जबकि समूचे निकायों के मोहल्लों को नजदीकी वार्डों में शामिल करते हुए इस बार तीन मोहल्लों को वार्डों का दर्जा मिला है। उनमें परेड, हेमपुरवा और ऊंचाटीला शामिल हैं। इन मोहल्लों की पहचान अब खुद के वार्ड से होगी।
विशेष सचिव, स्थानीय नागर निकाय शैलेंद्र कुमार सिंह ने इस प्रस्ताव पर अपनी मुहर लगा दी है। ऐसे में शहर के तीन मोहल्ले परेड, हेमपुरवा और ऊंचा टीला को खुद की पहचान मिल गई है।