सीतापुर। शहर के लालकुर्ती मोहल्ले में 11वीं वाहिनी पीएसी की ओर से खाली जमीन पर पिलर व कंटीले तार लगाने से विवाद गहरा गया है। मोहल्लेवासियों का आरोप है कि इससे उनका करीब 50 साल पुराना रास्ता पूरी तरह बंद हो गया है। सोमवार देर रात शुरू हुई कार्रवाई के विरोध में क्षेत्रीय लोगों ने मंगलवार को विरोध प्रदर्शन भी किया।
मौके पर पहुंचे एसडीएम सदर डॉ. जनार्दन और सीओ सिटी विनय यादव ने दोनों पक्षों से बातचीत कर पैमाइश बाद निर्माण कार्य होने का भरोसा दिला कर मामला शांत कराया। हालांकि क्षेत्रीय लोगों का आरोप है कि अधिकारियों के लौटने के बाद रात में ही पीएसी के लोगों ने दोबारा कंटीले तार लगाकर रास्ता बंद कर दिया।
मंगलवार को मोहल्ले के लोगों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी से शिकायत की और रास्ता खुलवाने की मांग उठाई। उनका कहना है कि पीढ़ियों से लोग इसी रास्ते का इस्तेमाल करते आ रहे हैं। करीब पांच दशक से आवागमन का साधन रहे इस रास्ते के बंद होने से बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मोहल्लेवासियों का कहना है कि उन्हें जमीन के स्वामित्व को लेकर कोई आपत्ति नहीं है। जमीन पीएसी की हो या नगर पालिका की, लेकिन आवागमन के लिए रास्ता छोड़ा जाना चाहिए।
मोहल्ले की बुजुर्ग रेखा यादव ने बताया कि वह करीब 50 वर्षों से यहां रह रही हैं और शुरू से ही इस रास्ते का इस्तेमाल होता रहा है। रास्ते को लेकर पहले भी कई बार विवाद हो चुका है। वहीं प्रेमा देवी ने कहा कि पीढ़ी दर पीढ़ी लोग इसी रास्ते से आते-जाते रहे हैं। रास्ता नहीं खुला तो वह मुख्यमंत्री से शिकायत करेंगी। छात्रा श्रद्धा ने बताया कि रास्ता बंद होने से सबसे अधिक परेशानी स्कूल और कोचिंग जाने वाली छात्राओं को होगी। मुख्य मार्ग पर भीड़ और दुकानों के कारण उन्हें आने-जाने में असुविधा होती है। फिलहाल इस मामले में एसडीएम से लेकर अन्य अधिकारी कुछ भी कहने से बचते रहे।