सीतापुर। महमूदाबाद-लखनऊ मार्ग पर स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर अब जाम से छुटकारा मिलेगा। यहां 126 करोड़ रुपये से ओवरब्रिज के निर्माण के लिए केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। लखनऊ में शुक्रवार को खुर्रमनगर फ्लाईओवर के उद्घाटन के दौरान उन्होंने यह सौगात महमूदाबाद क्षेत्र के लोगों को दी। ओवरब्रिज के निर्माण से करीब पांच लाख लोगों को राहत मिलेगी।
महमूदाबाद से कुर्सी होते हुए लखनऊ के लिए दो लेन का मुख्य मार्ग है। यह मार्ग महमूदाबाद और इस क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों रामपुर मथुरा, रेउसा, फतेहपुर आदि को लखनऊ से जोड़ता है। इस मार्ग वे रेल लाइन गुजरी है। राजधानी पहुंच मार्ग होने के कारण इस पर यातायात का भारी दबाव रहता है। यहां पहले एक रेल लाइन थी, लेकिन दो वर्ष पूर्व रेलवे ने दोहरी लाइन कर दी है। इससे ट्रेनों का आवागमन बढ़ गया है। इससे क्रॉसिंग काफी देर तक बंद रहती है। इसके चलते चंद मिनटों में ही पूरे मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। कई बार जाम खुलने में कई घंटे का समय लगता है। इससे लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
इस रेल लाइन पर काफी समय से ओवरब्रिज के निर्माण की मांग हो रही थी। शुक्रवार को लखनऊ पहुंचे केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गड़करी ने रक्षामंत्री राजनाथ सिंह की मांग का हवाला देते हुए 126 करोड़ 89 लाख 76 रुपये की लागत से बनने वाले ओवरब्रिज के निर्माण को मंजूरी दे दी है।
जनप्रतिनिधि कर रहे थे प्रयास
इस ओवरब्रिज के निर्माण की मांग लंबे समय से जनप्रतिनिधि कर रहे थे। पूर्व कार्यवाहक मुख्यमंत्री डॉ. अम्मार रिजवी ने आरओबी की मांग के संबंध में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की थी। इसके अलावा विधायक आशा मौर्या ने भी बीते दिनों मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर ओवरब्रिज के निर्माण की मांग की थी। कई सामाजिक संगठन भी समय-समय पर पत्र भेजकर सरकार से ओवरब्रिज की निर्माण की मांग कर चुके हैं।
क्षेत्र में बढ़ेगा व्यापार
ओवरब्रिज का निर्माण होने से इलाके में व्यापारिक गतिविधियों में इजाफा होगा। लखनऊ से महमूदाबाद मुख्य मार्ग के चौड़ीकरण का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। ओवरब्रिज बनने से महमूदाबाद समेत गांजरी इलाकों तक निर्बाध आवागमन सुलभ हो जाएगा। रामपुर मथुरा, रेउसा होते हुए बहराइच, श्रावस्ती तक भी लोग आसानी से पहुंच सकेंगे।
जाम से मिलेगा छुटकारा
महमूदाबाद-लखनऊ मार्ग के रेलवे क्रासिंग पर ओवरब्रिज निर्माण को मंजूरी मिल गई है। इसके लिए नितिन गडकरी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार। यह ओवरब्रिज बनने से महमूदाबाद सहित कई जनपदों को आने-जाने वाले नागरिकों को लाभ मिलेगा। जाम से भी छुटकारा मिलेगा। - आशा मौर्या, विधायक महमूदाबाद