महमूदाबाद। महानिदेशक परिवार कल्याण डॉ. सुषमा सिंह ने शनिवार को महमूदाबाद पहुंचकर महिला अस्पताल और सीएचसी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने महिला अस्पताल में दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने और गर्भवती महिलाओं से फीडबैक लेते रहने के निर्देश दिए।
शनिवार सुबह महानिदेशक परिवार कल्याण डॉ. सुषमा सिंह महमूदाबाद पहुंचीं। उन्होंने पहले महिला अस्पताल का निरीक्षण किया। अस्पताल में दो माह पहले स्थापित हुए न्यू बर्थ स्टेबलाइजेशन यूनिट का हाल जाना। यूनिट में मशीनों की सक्रियता की जानकारी ली। उन्होंने यूनिट में एसी लगवाने को कहा। इसके बाद उन्होंने ओटी, डिलीवरी रूम, लैब का हाल जाना। फार्मेसी में दवाओं की उपलब्धता जानी।
दवाओं का पर्याप्त स्टॉक रखने के निर्देश अधीक्षक डॉ. आशीष वर्मा को दिए। महानिदेशक ने डिलीवरी के लिए आने वाली महिलाओं के रिकॉर्ड को व्यवस्थित रखने निर्देश दिए। कहा कि जिन महिलाओं में हीमोग्लोबिन कम मिलता है उनका फोन नंबर लें। रेफर करने के बाद अस्पताल स्तर से उनका फीडबैक लेते रहें। इसके बाद उन्होंने सीएचसी पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान सीएचसी अधीक्षक डॉ. आशीष वर्मा, फार्मासिस्ट डॉ. विपिन वर्मा व अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।