नैमिषारण्य। नैमिषारण्य तीर्थ को भव्य और सुंदर बनाने के लिए करोड़ों की परियोजनाओं को अमली जामा पहनाया जा रहा है। जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर ने तीर्थ को स्वच्छ व सुंदर बनाने के लिए आदि शक्तिपीठ मां ललिता देवी मंदिर के 500 मीटर दायरे में सिगरेट, गुटखा, तंबाकू और पॉलीथिन की बिक्री पर सोमवार को प्रतिबंध लगाया था। मगर यह आदेश मंगलवार को ही बेअसर दिखा।
मंदिर के 500 मीटर दायरे में सिगरेट, गुटखा, तंबाकू और पॉलीथिन की धड़ल्ले से बिक्री होती रही। आदेश को सख्ती से लागू कराने के लिए उप जिलाधिकारी मिश्रिख की अध्यक्षता में पुलिस, नगर निकाय, खाद्य सुरक्षा और प्रदूषण नियंत्रण विभाग की संयुक्त प्रवर्तन टीम का गठन किया है, जो इस प्रतिबंधित क्षेत्र में नियमित रूप से चेकिंग अभियान चलाएगी। प्रमुख स्थलों पर तत्काल चेतावनी बोर्ड लगाने और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना, चालान और लाइसेंस निरस्तीकरण जैसी दंडात्मक कार्रवाई की भी बात कही थी लेकिन पहले दिन ही आदेश बेअसर दिखा।