लहरपुर(सीतापुर)। लहरपुर में राजकीय बालिका डिग्री कॉलेज के भवन का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद भी इसका संचालन शुरू नहीं हो पा रहा है। जिम्मेदारों की लापरवाही इलाके की छात्राओं पर भारी पड़ रही है। राजकीय महाविद्यालय न होने से छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए 30 किलोमीटर दूर सीतापुर अथवा लखीमपुर खीरी तक की दौड़ लगाने की परेशानी उठाना पड़ रही है।
लहरपुर में कोई राजकीय महाविद्यालय नहीं है। इससे छात्राएं निजी महाविद्यालय में पढ़ती हैं। ऐसे में आर्थिक रूप कमजोर वर्ग की छात्राओं को 30 किलोमीटर दूर सीतापुर जिला मुख्यालय व लखीमपुर जिला मुख्यालय में स्थित राजकीय विद्यालयों में प्रवेश लेना पड़ता है। तमाम छात्राएं तो करीब 100 किलोमीटर दूर लखनऊ तक पढ़ने जाती हैं। इस परेशानी को दूर कराने के लिए करीब पांच साल इलाके में राजकीय महाविद्यालय बनाने की शुरूआत हुई थी। महाविद्यालय के भवन का निर्माण कार्य भी पूरा हो गया। इसके बावजूद अफसरों की उदासीनता से निर्माणाधीन भवन सिर्फ शोपीस बना दिख रहा है। इससे बालिकाओं को इंटर के बाद आगे की पढ़ाई करने के लिए दूरदराज इलाकों की दौड़ लगाने की परेशानी कायम बनी है।
शिकायत के बाद भी कोई सुनवाई नहीं
महाविद्यालय संचालित न होने को लेकर क्षेत्रीय लोगों में गहरा रोष है। जनता जनार्दन मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष संग्राम सिंह पटेल ने उच्च शिक्षा विभाग को पत्र लिख कर पूरे मामले में शिकायत दर्ज कराई है। इसके बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही। इस संबंध में संयुक्त निदेशक डॉ. अर्पणा मिश्रा का कहना है कि राजकीय महिला महाविद्यालय का निर्माण प्रधानमंत्री जन विकास के अंतर्गत अल्पसंख्यक विभाग द्वारा किया गया है। महाविद्यालय का संचालन संघटक महाविद्यालय के रूप में किया जाना था।
अल्पसंख्यक कल्याण विभाग द्वारा प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के अंतर्गत निर्मित महाविद्यालयों को उच्च शिक्षा विभाग द्वारा हैंड ओवर करने का निर्णय लिया गया है। जिसके लिए समिति का गठन भी कर दिया गया है। राजकीय महिला महाविद्यालय के स्थानांतरण की कार्रवाई प्रक्रियाधीन है।
जल्द शुरू होगा महाविद्यालय
महाविद्यालय के हैंडओवर की प्रक्रिया चल रही है। इसके पूरा होती ही, महाविद्यालय के संचालन का कार्य शुरू करवा दिया जाएगा।
डॉ. सुधीर कुमार चौहान, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी