सीतापुर। सीएम सामूहिक विवाह योजना के तहत फरवरी और मार्च माह में 11 स्थानों पर मंडप सजाया जाएगा। यहां सरकारी अमले और जन प्रतिनिधियों की मौजूदगी में चयनित 1112 जरूरतमंद बेटियों की धूमधाम से शादी कराई जाएगी। एक जोड़े पर 51 हजार रुपये खर्च होंगे। 26 फरवरी को पांच स्थानों पर सामूहिक विवाह होगा। इसके लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा हैं।सीएम सामूहिक विवाह योजना के तहत जिले की 1112 बेटियों के हाथ पीले किए जाएंगे। सभी ब्लॉक से जोड़ों का चयन कर लिया गया है। 26 फरवरी को महमूदाबाद ब्लॉक कैम्पस के सामने और ग्राम पंचायत जगदीशपुर हाजीपुर में 147 जोड़ों की शादी कराई जाएगी। इसी दिन विकास खंड मिश्रिख में 116, नगर पालिका बिसवां के दशहरा मेला मैदान में 116, गायत्री उपवन लहरपुर रोड हरगांव में 64 जोड़ों की शादी के लिए मंडप सजेगा। 28 फरवरी को विकास खंड रेउसा में 102, तौकीक लॉन लहरपुर रोड खैराबाद में 100 और पांच मार्च को बीआरसी कार्यालय इमलिया सुल्तानपुर में 58, गांधी विद्यालय सिधौली में 174, विकास खंड महोली में 116 और देवी मंदिर तंबौर में 119 जोड़ों का सामूहिक विवाह होगा।
10 हजार की लागत का मिलेगा दहेज
एक जोड़े की शादी पर 51 हजार रुपये खर्च होंगे। बरातियों और जनातियों का सत्कार करने के लिए मंडप सजाया जाएगा। इस पर प्रति जोड़ा छह हजार रुपये खर्च होगा। 35 हजार रुपये बेटी के खाते में भेजे जाएंगे। 10 हजार रुपये में विवाह उपयोगी सामान दिया जाएगा। इसके तहत बक्सा, प्रेशर कुकर, डिनर सेट, चांदी की बिछिया और पायल, वर और वधू के कपड़े आदि उपलब्ध कराए जाएंगे।
इनसेट
सीएम सामूहिक विवाह योजना से 1112 जोड़ों का चयन किया गया है। इसके लिए 26 व 28 फरवरी और पांच मार्च को 11 स्थानों पर सामूहिक विवाह कराया जाएगा। इसके लिए सीडीओ ने सभी बीडीओ और संबंधित ईओ को पत्र भेजकर जिम्मेदारी दी है।
हर्ष मवार, जिला समाज कल्याण अधिकारी
महमूदाबाद में आज 118 जोड़ों का विवाह
फोटो: 23 महमूदाबाद (सीतापुर)। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अन्तर्गत विकास खण्ड महमूदाबाद में रविवार को 118 जोड़े एक दूसरे के होंगे। सुबह करीब 10 बजे महमूदाबाद ब्लाक परिसर के सामने मैदान में मुख्यमंत्री सामूहिक योजना के अंतर्गत महमूदाबाद ब्लाक के 59 व पहला ब्लाक के 59 जोड़ो का सामूहिक विवाह होगा। जिसके लिए समाज कल्याण विभाग ने सभी तैयारियां पूर्ण कर ली है। एडीओ समाज कल्याण प्रेम चन्द्र वर्मा ने बताया कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद राजेश वर्मा व विधायक आशा मौर्या और विधायक मनीष रावत प्रतिभाग करेंगे।