सीतापुर। रक्षाबंधन के मदेद्नजर बुधवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान दूध के दो व मिठाई का एक नमूना लिया। इसके अलावा करीब एक क्विंटल मिलावटी मिठाई नष्ट कराई।
अभिहित अधिकारी वीके सहाय के नेतृत्व में छापा मारा गया। शहर के नवीन चौक के निकट लखनऊ हाईवे पर दो दूधियों को रोका गया। इनके दूध की जांच की गई। जिसमें कुछ मिलावट की आशंका प्रतीत हुई। जिस पर इसका नमूना संकलित किया। इसके बाद टीम ने मुख्य खाद्य सुरक्षाधिकारी अमरेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस लाइन के सामने जीतू मिष्ठान भंडार पर छापा मारा।
यहां पर गंदगी की भरमार मिली। मिठाइयां पैकेट में बंद मिली। उन पर उत्पादन की तिथि अंकित नहीं थी। इसके अलावा बदबू आ रही थी। जिस पर मौके पर ही करीब एक क्विंटल मिठाई को नष्ट कराया। इसके अलावा मिल्क केक, सोहन पापड़ी व छेना का नमूना भरा। इसी प्रकार लहरपुर में जयसवाल मिष्ठान भंडार से पेड़े में मिलावट की आशंका को देखते हुए उसका नमूना भरा गया। मुख्य खाद्य सुरक्षाधिकारी ने बताया इन नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।