सदरपुर (सीतापुर)। मेंथा की टंकी फटने से बुधवार को एक की मौत हो गई। चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर अफरातफरी मच गई। झुलसे लोगों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
सदरपुर के ठाकुरपुरवा में मेंथा की टंकी लगी है। एक महिला टंकी को गरम करने के लिए उसके नीचे पत्ते झोंक रही थी। आग जलाने के लिए लड़का पास में खड़ा था, इसी बीच तेज धमाके के साथ टंकी फट गई। इससे मौके पर भगदड़ मच गई। जो लोग दूर खड़े थे वे भाग निकले, लेकिन जो पास थे वह चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए।
टंकी फटने से ठाकुरपुरवा के निवासी मीना देवी, बलबीर सिंह गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को आननफानन में सीएचसी महमूदाबाद में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद दोनों लोगों की हालत को नाजुक देखते हुए लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया है।
दूसरी घटना सदरपुर इलाके के ही मीननगर मजरा संसारपुर में हुई। मेंथा टंकी फटने से मीननगर निवासी हंसराज (45) अमन (6), बढ़निया निवासी लवकुश (5) गंभीर रूप से झुलस गए। तीनों लोगों को आननफानन में सीएचसी पहला में भर्ती कराया गया है, जहां पर लवकुश की मौत हो गई। डॉक्टरों के अनुसार, तीनों की हालत गंभीर बनी हुई है।