लहरपुर (सीतापुर)। कोतवाली इलाके में लहरपुर सीओ के दफ्तर के सामने मंगलवार की रात दो पक्ष आपस में भिड़ गए। दोनों में जमकर मारपीट हुई, लाठी-डंडे चले। घटना में दोनों ओर से छह लोग घायल हो गए हैं। सीओ लहरपुर के कार्यालय के सामने दशकों से अनुसूचित जनजाति के लोग रहते आ रहे हैं। इन लोगों को यहां से कहीं और बसाने का कई बार प्रयास किया गया, लेकिन प्रयास सफल नहीं हो सका।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आए दिन ये लोग शराब पीकर हंगामा, गाली-गलौज करते हैं। मंगलवार की रात भी किसी बात को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद बढ़ने पर देखते ही देखते दोनों ओर पुरुषों के साथ-साथ महिलाएं भी निकल आ गई। कुछ ही देर में लाठी-डंडों से मारपीट शुरू हो गई। मारपीट में दोनों पक्षों से छह से अधिक लोग घायल हो गए।
पुलिस ने दोनों पक्षों को पुलिस वाहन से सीएचसी लहरपुर भेजकर मेडिकल कराया है। घटना को लेकर दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। लहरपुर की नगर चौकी प्रभारी गिरजा शंकर सिंह ने बताया कि, दोनों पक्षों की तहरीर पर केेस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। (संवाद)