सदरपुर। इलाके के धर्मपुर ग्राम पंचायत के लोनियनपुरवा गांव में शनिवार सुबह करीब 11 बजे एक डेढ़ वर्षीय मासूम खेलते समय पानी से भरे गड्ढे में गिर गया। यह पानी बीते दिनों केवानी नदी में आए उफान व बरसात के बाद गड्ढे में भरा था। पास में ही मौजूद परिजन मासूम को गड्ढे से बाहर निकालकर अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मासूम को मृत घोषित कर दिया। इससे पूरे परिवार में मातम पसर गया।
लोनियनपुरवा निवासी पूरन का डेढ़ वर्षीय पुत्र अर्पित शनिवार दोपहर घर के पास स्थित खेत में खेल रहा था। वहां एक गड्ढे में पानी भरा था। खेलते समय अर्पित का पैर फिसला और वह पानी में गिरकर डूब गया। कुछ देर बाद जब परिजनों ने बच्चे को आसपास नहीं देखा तो खोजबीन शुरू की। खेत के पास पहुंचने पर मासूम पानी में उतराता दिखाई दिया। परिजन उसे बाहर निकालकर चिकित्सक के पास ले गए। वहां डॉक्टर ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर से परिजन बेसुध हो गए।
क्षेत्रीय लेखपाल मौके पर पहुंचकर की जांच
हादसे की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस व क्षेत्रीय लेखपाल जितेंद्र कुमार ने घटना स्थल की जांच पड़ताल की। तहसीलदार अनिल कुमार ने बताया कि क्षेत्रीय लेखपाल की जांच में सामने आया कि गड्ढे में यह पानी बीते दिनों केवानी नदी के उफनाने व बाद में हुई बरसात के कारण भरा था। इसी पानी से भरे गड्ढे में डूबकर मासूम की मौत हो गई। जांच रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जा रही है। परिजनों को नियमानुसार दैवीय आपदा के तहत मुआवजा राशि दिलवाने की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि फिलहाल इस मामले में मृतक मासूम के परिजनों की तरफ से कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई तय होगी। ग्रामीणों ने बताया कि इलाके के कई गड्ढों में बाढ़ व बारिश का पानी भरा है। तहसील प्रशासन की तरफ से पानी को निकलवाने की कार्रवाई न करने से पानी भरे यह गड्ढे अब जानलेवा साबित होने लगे हैं।