गेहूं खरीद पर जिला प्रशासन की नजर रहेगी। इसके लिए प्रशासन ने खाका तैयार कर लिया है। साथ ही गेहूं खरीद को पारदर्शी बनाने के लिए डीएम अमृत त्रिपाठी ने 39 अधिकारी तैनात किए हैं। ये अधिकारी गेहूं खरीद के साथ किसानों की समस्याओं का भी ध्यान रखेंगे।
गेहूं खरीदने के लिए पूरे जिले में 107 क्रय केंद्र खोले गए हैं। इनमें छह क्रय केंद्र खाद्य विभाग के हैं। जबकि 48 जगहों पर पीसीएफ ने अपने क्रय केंद्र खोले हैं। एसएफसी ने पांच व यूपीएसएस ने 29 स्थानों पर क्रय केंद्र खोले हैं।
सी तरह से यूपी स्टेट एग्रो व उप्र. राज्य कर्मचारी कल्याण निगम ने चार-चार तथा भारतीय खाद्य निगम ने एक जगह पर, एनसीसीएफ व नैकाफ ने पांच-पांच जगहों पर गेहूं क्रय केंद्र खोले रहैं। सरकार 1525 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से गेहूं खरीद रही है। ऐसे में किसी भी केंद्र पर लापरवाही न बरती जाए, इसको लेकर जिला प्रशासन सतर्कता बरत रहा है।
जिलाधिकारी अमृत त्रिपाठी ने इन केंद्रों की निगरानी के लिए 39 अधिकारियों को तैनात किया है। ये अधिकारी अपने क्षेत्र में जाकर क्रय केंद्रों का हाल जानेंगे। खरीद की पारदर्शिता परखने के साथ-साथ किसानों की शिकायतों पर भी ध्यान देंगे। नामित अधिकारियों को प्रतिदिन क्रय केंद्रों पर जाना पड़ेगा।