सीतापुर। जिले में करंट लगने से लगातार हो रही निजी बिजलकर्मियों की मौत मामले में डीएम ने नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि अगर कोई निजी बिजलीकर्मी खंभे पर चढ़ेगा तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
साथ ही निजी बिजलीकर्मी को खंभे पर चढ़ाने वाले व्यक्ति के खिलाफ भी एफआईआर होगी। खंभों पर पेंट कराकर व स्टीकर लगाकर यह चेतावनी लिखी जाएगी। इसको लेकर अधीक्षण अभियंता को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
डीएम ने बिजली विभाग के कार्यों की समीक्षा की। इसमें करंट से हो रही मौतों पर अफसरों से जवाब मांगा। उन्हाेंने अफसरों से कहा कि खंभे पर चढ़ने के मामले में ठोस रणनीति अपनाएं। जिससे अनधिकृत कोई भी कर्मी खंभे पर न चढ़ सकें।
डीएम ने कहा कि खंभे पर चढ़ने के लिए जितना दोषी निजी बिजलीकर्मी हैं, उतना ही दोष उन्हें चढ़ाने वालों का है। इसलिए इस तरह के मामले सामने आने पर तत्काल दोनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाए। हर खंभे पर इस संबंध में चेतावनी भी लिखवाई जाए।