सीतापुर। परिवहन विभाग की ई-चालान व्यवस्था में बदलाव किया गया है। अब पुरानी प्रणाली से चालान जारी नहीं किए जाएंगे। चालान प्रक्रिया नए ई-चालान एप नेक्स्टजेन ई- चालान के माध्यम से संचालित होगी।
नए ई-चालान मोबाइल एप और पोर्टल के अपडेट तथा पुराने आंकड़ों के स्थानांतरण के कारण अगले तीन से चार दिनों तक पुराने ई-चालान से संबंधित कार्य बंद रहेंगे। इस दौरान पुराने तंत्र पर चालान से जुड़े कार्य नहीं हो सकेंगे। नई व्यवस्था को बुधवार 23 सितंबर की रात 12 बजे से लागू किया गया है।
एआरटीओ प्रशासन सर्वेश चतुर्वेदी ने बताया कि नया ई-चालान मोबाइल एप एवं पोर्टल शुरू किया गया है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद चालान नए ई-चालान ऐप के माध्यम से ही जारी किए जाएंगे। नए चालान जारी होते ही नए पोर्टल पर दिखाई देने लगेंगे। उन्होंने बताया कि पुराने ई-चालान एप और पोर्टल में मौजूद चालानों के आंकड़ों को नए ई-चालान सर्वर पर स्थानांतरित किया जा रहा है।
प्रदेश भर में चालानों की संख्या अधिक होने के कारण इस प्रक्रिया में करीब दो से तीन दिन का समय लग सकता है। इस कारण पुराने चालानों से संबंधित कार्यों के लिए वाहन चालकों को कुछ समय तक इंतजार करना पड़ सकता है।
नई व्यवस्था लागू करने से पहले पुराने तंत्र में लंबित चालानों के आंकड़ों को अपलोड और समन्वित किया जा रहा है। आंकड़ों का स्थानांतरण पूरा होने के बाद पुराने चालानों का रिकॉर्ड नए पोर्टल पर उपलब्ध कराया जाएगा। एआरटीओ ने बताया कि नई व्यवस्था में प्रवर्तन अधिकारी को अपने मोबाइल अथवा टैबलेट में नया ई-चालान लोड करना होगा। प्रारंभिक परीक्षण के दौरान वाहन पंजीकरण प्रमाणपत्र, वाहन चालक लाइसेंस और कार्यालय संबंधी विवरण की जांच की जाएगी।