सीतापुर। जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर ने शनिवार को नगर पंचायत सिधौली का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखीं। जन्म प्रमाणपत्र पटल पहुंचकर रजिस्टर का अवलोकन किया। रजिस्टर में मोबाइल नंबर दर्ज न होने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। अधिशासी अधिकारी रेणुका यादव को निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
स्टोर इंचार्ज पटल का देखते हुए कूड़ा उठान वाहन की पत्रावलियों को देखा और वाहनों की संख्या की जानकारी ली। पानी की टंकी की साफ-सफाई संबंधी पत्रावलियों को देखते हुए निर्देश दिए कि टंकी की सफाई की फोटोग्राफ पत्रावली में जरूर लगाई जाए। नगर पालिका द्वारा बनाई गई इंटरलाॅकिंग सड़क की पत्रावलियों काे देखा। इसमें ठेकेदार का समय से भुगतान न होने व वर्कआर्डर के अनुरूप कार्य पूरा न होने पर अवर अभियंता आलोक सिंह को नोटिस जारी करने के साथ ही अधिशासी अधिकारी को सुधार के निर्देश दिए। बंधन योजना की पत्रावलियों को देखा। निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष नगर पालिका परिषद सिधौली गंगाराम राजपूत सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
इसके बाद जिलाधिकारी ने संतनगर पूर्वी में संजय गौतम के मकान से शिवचरित गुप्ता के मकान होते हुए राहुल चौरसिया के मकान तक आरसीसी कवर्ड नाली व इंटरलाकिंग का कार्य व सिद्धेश्वरनगर में सिद्धेश्वर मंदिर में हाल का निर्माण कार्य को भी देखा।