सीतापुर। नोडल अधिकारी ने बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिसावां का मुआयना कर वहां की स्वास्थ्य सेवाएं देखीं। बाद में उन्होंने संबंधित अफसरों को निर्देश दिए कि वे सीएचसी में जुकाम, बुखार, खांसी के मरीजों को देखने के लिए अलग काउंटर स्थापित कराएं।
नोडल अधिकारी कुमार विनीत ने बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। मुआयने में उन्होंने कोविड हेल्प डेस्क, ओपीडी रजिस्टर, दवा वितरण कक्ष, डिलीवरी कक्ष और साफ-सफाई का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने आशा बहुओं से कहा कि बरसात के सीजन में संक्रमित लोगों की संख्या में इजाफा हो सकता है, ऐसे में आगे चलने वाले सर्विलांस कार्यक्रम में उनकी बड़ी जिम्मेदारी रहेगी। उन्होंने कहा कि बाहर से आने वाले प्रवासियों की सूची तैयार कर कोरोना से बचाव की जानकारी देकर उन्हें जागरूक करें।
नोडल अधिकारी ने सीएचसी पर 100 बेड की तैयारी देखते हुए सफाई व बारिश के दौरान जलभराव की समस्या दूर करने को सीएचसी अधीक्षक को निर्देशित किया। उन्होंने बताया कि जुकाम, बुखार व खांसी के मरीजों को देखने के लिए अलग काउंटर बनाएं। इस दौरान मजिस्ट्रेट एसके वर्मा, अधीक्षक संजय श्रीवास्तव, डॉ. अवनीश, डॉ. पूर्णिक पटेल, डॉ. सर्वेश कुमार, एचईओ आनंद यादव आदि मौजूद रहे।