सीतापुर। अब बिसवां के ब्लॉक प्रमुख राकेश वर्मा के खिलाफ बीडीसी सदस्यों ने अविश्वास व्यक्त किया है। डीएम से मिलकर शुक्रवार को 82 क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने हलफनामे सौंपकर ब्लॉक प्रमुख के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव लाने की इजाजत मांगी है। यहां कुल 140 बीडीसी सदस्य हैं। डीएम ने जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद से ब्लॉक प्रमुखों के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाए जाने का सिलसिला जारी है। सिधौली, मछरेहटा, गोंदलामऊ, कसमंडा, लहरपुर आदि कई ब्लॉकों में अविश्वास प्रस्ताव पारित भी हो चुका है। इसी कड़ी में अब बिसवां ब्लॉक प्रमुख राकेश वर्मा को हटाने की कवायद शुरू कर दी गई है।
क्षेत्र के टिकरा निवासी बीडीसी सदस्य राकेश वर्मा की अगुवाई में 82 बीडीसी सदस्यों ने जिला मुख्यालय पहुंचकर डीएम अखिलेश तिवारी से मुलाकात की। बीडीसी सदस्यों ने ब्लॉक प्रमुख पर खराब कार्यशैली व मनमानी का आरोप लगाया है। सदस्यों के मुताबिक विकास कार्यों के बजाय मौजूदा ब्लॉक प्रमुख सरकारी राशि का दुरुपयोग कर रहे हैं। जिससे बीडीसी सदस्यों में असंतोष है।