हनुमान मंदिर में महंत को एनएचएआई का पत्र सौंपते हिन्दू सुरक्षा सेवा संघ के प्रदेश अध्यक्ष अनूप
सीतापुर। हुसैनगंज चौराहा स्थित हनुमान दर्शन मंदिर को एनएचएआई अब कोई क्षति नहीं पहुंचाएगा। शुक्रवार को एनएचएआई के परियोजना अधिकारी नकुल प्रकाश वर्मा ने मंदिर के प्रधान पुजारी को पत्र भेजकर स्थिति स्पष्ट की है।
हिंदू सुरक्षा सेवा संघ के प्रदेश अध्यक्ष अनूप खेतान ने बताया कि इस मंदिर को हटाने के लिए एनएचएआई्र ने 25 मार्च को नोटिस जारी किया था। इस पर उन्होंने आपत्ति दर्ज कराई थी। एनएचएआई के अधिकारियों से वार्ता के बाद मंदिर को नहीं हटाने का निर्णय लिया गया है। अब यह अपने मूल स्वरूप में हुसैनगंज में ही विद्यमान रहेगा।
हिंदू शेर सेना ने सौंपा डीएम को ज्ञापन
हनुमान मंदिर को नोटिस देने के विरोध में राष्ट्रीय हिंदू शेर सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष विकास हिंदू ने भी डीएम डॉ. राजा गणपति आर को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने बताया कि यह मंदिर 1970 में स्थापित हुआ था। यहां वर्षभर धार्मिक कार्यक्रम होते हैं। बताया कि इससे पूर्व एनएचएआई ने छीता पासी किले के पार्क को हटाने का नोटिस जारी किया था। इसी तर्ज पर यह नोटिस वापस लिया जाए। इस दौरान हिंदू शेर सेना के राष्ट्रीय महासचिव प्रदीप शुक्ल, महंत बाबा रामसेवक दास, जिलाध्यक्ष विकास शुक्ल, लवकुश, संतोष, अतुल, शिवम व अन्य उपस्थित रहे।