थानगांव (सीतापुर)। भूमि विवाद में एक युवक ने अपनी मां के साथ मिलकर सोमवार देर शाम अपने सगे ताऊ की पिटाई की और फिर गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात अंजाम देने के बाद हत्यारोपी भाग निकले। मृतक के बेटे ने अपनी चाची व चचेरे भाई पर पिता की हत्या का आरोप लगाया है। खबर पाकर पुलिस ने मौका मुआयना कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानगांव थाना क्षेत्र के धमौड़ा मजरा बेला निवासी शिवनाथ (50) पुत्र बाल्हे का उसके सगे भाई सियाराम से भूमि विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर सोमवार देर शाम शिवनाथ व उसके भतीजे रामराज और भाई की पत्नी गुलाबपति से विवाद होने लगा। बात बढ़ने पर शिवनाथ पर उसके सगे भतीजे रामराज व छोटे भाई की पत्नी गुलाबपति ने हमला कर दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक शिवनाथ के बेटे दिनेश का कहना है कि उसके पिता की पिटाई करने के बाद गला दबाकर हत्या की गई है। उसने अपनी सगी चाची गुलाबपति पत्नी सियाराम व चचेरे भाई रामराज पुत्र सियाराम पर हत्या का आरोप लगाया है। खबर पाकर एसओ संजीव कुशवाहा मय फोर्स के मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जांच पड़ताल कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
घटना की बाबत मृतक के बेटे दिनेश ने अपनी चाची व चचेरे भाई के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी संजीव कुशवाहा ने बताया कि मारपीट के दौरान गला दबाकर हत्या के संबंध में मृतक के पुत्र दिनेश की तहरीर पर दोनों आरोपियों के विरुद्ध हत्या सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी।
एक बीघा जमीन के लिए अपने ही बने दुश्मन
मृतक शिवनाथ के परिवार में करीब पांच बीघा जमीन है। इस जमीन में शिवनाथ व उसके भाई सियाराम का हिस्सा है। दोनों में दो-दो बीघा जमीन के बंटवारे के बाद शेष एक बीघा जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इस विवाद को कई बार लोगों ने निपटाने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी। सोमवार देर शाम इसी विवादित जमीन को लेकर शिवनाथ व उसके भाई के परिवार वालों से झगड़ा होने लगा। बात बढ़ने पर सगे भतीजे व भाई की पत्नी ने शिवनाथ की जान ले ली।
खूंटे पर गिरने से मौत की भी चर्चा
घटना को लेकर गांव में ये भी चर्चा है कि शिवनाथ की मौत जानवर बांधने वाले खूंटे पर गिरने से हुई है। सूत्र बताते हैं कि शिवनाथ अपने भाई के दरवाजे पर गया था। वहां उसका भतीजे व भाई की पत्नी से विवाद होने लगा। बात बढ़ी तो वह अपने घर की ओर भागा। तभी अचानक वह जानवर बांधने वाले खूंटे पर गिर गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।