सीतापुर। खैराबाद के दौलतपुर में बुधवार को मवेशी को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हुई कार बिजली के पोल से टकरा गई। देखते ही देखते कार में आग लग गई। हादसे में कार सवार एक युवक की मौत हो गई और उसके चाचा समेत दो लोग घायल हो गए।
कोतवाली देहात के बनेहटा गांव निवासी रवींद्र सिंह के परिवार में बुधवार को तिलक समारोह था। परिवार के लोग और रिश्तेदार जुटे थे। बुधवार रात रवींद्र अपने भतीजे अनूप सिंह (24) और बनेहटा के ही रहने वाले उसके दोस्त रंजीत के साथ कार से रिश्तेदार को छोड़ने सीतापुर बस अड्डा गए थे। देर रात तीनों लोग बस अड्डे से लौट रहे थे। खैराबाद के दौलतपुर स्थित कालू बाबा मंदिर के पास कार के सामने अचानक एक मवेशी आ गया। उसे बचाने के प्रयास में अनूप ने अचानक ब्रेक लगाया तो कार अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी की गाड़ी का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। कार में आग लग गई। हादसे में तीनों लोग गंभीर रूप से चोटिल हो गए। काफी प्रयास के बाद भी कार का गेट न खुलने पर पीछे वाली सीट पर बैठे रंजीत शीशा तोड़कर बाहर निकले। इसके बाद अनूप और रवींद्र को बाहर निकाला। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने दमकल टीम को सूचना दी। दमकल टीम ने आग बुझाई। पुलिसकर्मियों ने घायलों को जिला अस्पताल भेजवाया।
वहां चिकित्सकों ने अनूप सिंह को मृत घोषित कर दिया। रवींद्र को लखनऊ रेफर कर दिया। जिस परिवार में तिलक कार्यक्रम की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां मातम पसर गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।