सीतापुर। जिलाधिकारी डाॅ. राजा गणपति आर ने मंगलवार को राजकीय इंटर कॉलेज में यूपी बोर्ड परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की। परीक्षा केंद्रों की भौतिक तैयारियों, केंद्र व्यवस्थापकों व कक्ष निरीक्षकों की नियुक्ति, परीक्षा कक्षों की व्यवस्था, प्रकाश, पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था सहित परीक्षार्थियों की सुविधाओं के बारे में डीआईओएस से जानकारी ली। नकलविहीन परीक्षा कराए जाने के निर्देश दिए।
यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू हो रही हैं। जिलाधिकारी ने प्रश्नपत्रों की गोपनीयता, स्ट्रांग रूम की सुरक्षा, उत्तर पुस्तिकाओं के सुरक्षित संकलन, सीलिंग एवं प्रेषण व्यवस्था पर विशेष रूप से चर्चा की। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि विद्यार्थियों के साथ अच्छा व्यवहार किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे काम करते रहें। नकल पर प्रतिबंध लगाने के लिए उड़नदस्तों की प्रभावी तैनाती की जाए।
संवेदनशील व अति संवेदनशील परीक्षा केंद्रों की पहचान कर विशेष निगरानी रखी जाए, यदि किसी प्रकार की कोई घटना घटित होती है तो इसकी तत्काल सूचना कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराई जाए। बैठक में कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पुलिस विभाग के अफसरों को परीक्षा अवधि के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, परीक्षा केंद्रों के आसपास शांति व्यवस्था बनाए रखने व परीक्षा संचालन में किसी प्रकार का व्यवधान न होने देने के निर्देश दिए। साथ ही परीक्षा ड्यूटी में लगाए गए सभी अधिकारी व कर्मचारियों को समय से उपस्थित होकर अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही, अनुशासनहीनता व अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद डीएम ने राजकीय इंटर कॉलेज सीतापुर का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखी। निर्देश दिए कि विद्यालय में प्राथमिकता पर कराए जाने वाले कार्यों की सूची उपलब्ध कराई जाए। प्रोजेक्ट अलंकार के तहत कराए जा रहे कार्यों को भी देखा।