तंबौर में नाज से बनी निशा, रचाया विवाह। -संवाद
सीतापुर। तंबौर इलाके में बुधवार को एक युवती ने स्वेच्छा से हिंदू धर्म अपना लिया। धर्म परिवर्तन के बाद उन्होंने अपना नाम नाज अंसारी से बदलकर निशा रख लिया है। इसके साथ ही उन्होंने मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज के साथ विवाह भी किया।
मूल रूप से बिहार की रहने वाली निशा (नाज) और तंबौर निवासी राकेश गौतम एक ही फैक्ट्री में काम करते थे। वहीं दोनों के बीच परिचय हुआ और उन्होंने साथ जीवन बिताने का निर्णय लिया। करीब तीन महीने पहले दोनों ने कोर्ट में शादी कर ली थी। कोर्ट मैरिज के तीन महीने बाद निशा ने मंदिर जाकर हिंदू धर्म स्वीकार किया।
इसके बाद उन्होंने राकेश के साथ अग्नि को साक्षी मानकर सात फेरे लिए। इस अवसर पर हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ता भी मौजूद रहे, जिन्होंने विवाह संपन्न कराने में सहयोग किया। कार्यकर्ताओं के अनुसार, निशा ने हिंदू धर्म अपनाने पर खुशी और गर्व व्यक्त किया है।