मिश्रिख (सीतापुर)। अग्निशमन सेवा सप्ताह के तहत मंगलवार को दमकल कर्मियों ने तहसील चौराहे से नहर चौराहा होते हुए मुख्य बाजार तक जागरूकता रैली निकाली। इस दौरान लोगों को आग से बचाव को लेकर जागरूक किया गया। अग्निशमन सेवा शहीद स्मृति दिवस भी मनाया गया।
केंद्र पर शहीदों की याद में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। अग्निशमन टीम ने मिश्रिख एसडीएम व सीओ और कोतवाल को पिन फ्लैग लगाकर पंफलेट वितरित किए। मिश्रिख केंद्र प्रभारी थोवर खान ने टीम के साथ ग्रामीणों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि इस समय फसलों की कटाई हो रही है। ऐसे में किसानों को एहतियात बरतनी चाहिए। खलिहान के चारों ओर पानी के भरे घड़े और मिट्टी के ढेर रखें, ताकि आग लगने पर तुरंत काबू पाया जा सके। टीम ने लोगों से अपील की कि खेत-खलिहान और घरों में आग से बचाव के सभी जरूरी उपाय अपनाएं। इस मौके पर फायरमैन शमी उल्ला, विकास वर्मा, सौरभ नैन, राजेंद्र प्रसाद, कुलदीप सिंह, प्रियम यादव आदि मौजूद रहे।
फोटो 3 मृतका ठकुराइन देवी का फाइल फोटो