सीतापुर। रामपुरकलां में बीते पांच नवंबर को महिला की हत्या के मामले में 25 हजार रुपये के इनामी हिस्ट्रीशीटर रंगीलाल सोमवार को पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। घायल आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तमंचा, दो कारतूस और दो खोखे बरामद किए हैं।
पांच नवंबर को बगराभारी गांव में 35 वर्षीय महिला घर से बकरी चराने के लिए गई हुई थीं। इसी दौरान महिला को गांव के ही हिस्ट्रीशीटर रंगीलाल ने रोक लिया था। इस दौरान दोनों के बीच कहासुनी हुई। रंगीलाल ने बकरी चराने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला भालानुमा हथियार छीनकर महिला पर ताबड़तोड़ प्रहार किए जिससे उसकी मौत हो गई थी। हत्या के बाद पति ने दुष्कर्म के प्रयास में हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी थी।
एसपी अंकुर अग्रवाल ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था। सोमवार पुलिस टीम ने जामनगर-बेधौरा रेलवे पुलिया के पास रंगीलाल को घेर लिया। इस पर रंगीलाल ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में रंगीलाल पैर में गोली लगने से घायल हो गया। एएसपी दक्षिणी दुर्गेश कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी रामपुरकलां थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट और आबकारी अधिनियम समेत करीब डेढ़ दर्जन मामले दर्ज हैं। (संवाद)